कुरुक्षेत्र में अस्पताल के बाहर युवक ने तोड़ा दम, बाइक पर आए दो युवक छोड़कर हुए फरार; दर्द से तड़पता रहा शख्स

Edited By Harman, Updated: 24 May, 2026 02:05 PM

a young man died outside a hospital in kurukshetra

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो युवक उसे बाइक पर बीच में बैठाकर शहर के एक निजी अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए।

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र शहर के अंबेडकर चौक स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो युवक उसे बाइक पर बीच में बैठाकर अस्पताल के गेट तक लाए और बाहर बैठाकर मौके से फरार हो गए। युवक कुछ देर तक अस्पताल के बाहर तड़पता रहा और पानी मांगता रहा, लेकिन हालत बिगड़ने के चलते उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की हालत पहले से ही गंभीर दिखाई दे रही थी। बाइक सवार उसे अस्पताल के बाहर बनी थड़ी के पास बैठाकर चले गए। करीब 10 मिनट तक युवक वहीं बैठा रहा। इस दौरान वह बुरी तरह छटपटा रहा था और लोगों से पानी मांग रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसकी हालत बिगड़ती देखी तो तुरंत अस्पताल स्टाफ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मचारियों ने व्हीलचेयर मंगवाकर युवक को अंदर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक युवक के पैर काफी सूजे हुए थे। मौके की स्थिति को देखते हुए नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि युवक को अस्पताल के बाहर छोड़कर जाने वाले दोनों युवकों की पहचान की जा सके। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!