Edited By Isha, Updated: 12 Feb, 2026 04:40 PM

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में बढती हुई आबादी व क्षेत्र के मध्येनजर बच्चों को शिक्षा मुहैया करवाने के लिए स्कूल खोलने हेतू सर्वे किया जाए ताकि शहरों में बच्चों को लम्बी दूरी तय करके...
चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में बढती हुई आबादी व क्षेत्र के मध्येनजर बच्चों को शिक्षा मुहैया करवाने के लिए स्कूल खोलने हेतू सर्वे किया जाए ताकि शहरों में बच्चों को लम्बी दूरी तय करके स्कूल न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री सैनी बुधवार को राज्य स्तरीय दिशा कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सांसद धर्मबीर सिंह, नवीन जिन्दल सहित कई विधायक भी मौजूद रहे। बैठक से सभी जिला के अधिकारी भी ऑनलाईन जुडे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा गत वर्ष स्कूल छोड़ चुके 34 हजार बच्चों में से 18796 बच्चों को 6 माह का प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा उनमें से 15386 बच्चों को मुख्यधारा में लाया गया। इसके अलावा सैक्टर 37 फरीदाबाद में स्कूल भवन का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए हर जिले में मॉडल संस्कृति स्कूल खोले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर घर ग्रहणी योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके अलावा विशेषकर ढाणियों में रहने वाले नागरिकों के लिए बिजली सुलभ करवाने के लिए लोगों को सोलर सब्सिडी स्कीमों के प्रति जागरूक किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को टीबी मुक्त और ऐनीमिया मुक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। राष्ट्रीय कृमि मुक्त अभियान में राज्य ने 98 प्रतिशत कवर किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में नेच्यूरोपेथी सुविधाएं बढाई जाए ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिले। जनऔषधी केन्द्र खोलने पर बल दिया जाए ताकि नागरिकों को उचित मूल्य पर दवाईयां सुलभ हो सके।
प्रदेश में 98726 मकान बनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में 98726 मकान बनाने के लक्ष्य अनुसार 652 करोड़ रुपए की राशि से 76275 मकान स्वीकृत किए जा चुके हैं जिनमें से 41491 पूरे हो चुके हैं तथा शेष निर्माणाधीन है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी योजना में 67649 मकान बनाए जाएंगे। इसमें से 703 करोड़ रुपए की लागत से 33690 मकान बनाए जा चुके है।
उन्होंने कहा कि डा. बी आर अम्बेडकर आवास योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि के लिए अनुसूचित जाति के परिवारों की आवेदन प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए ताकि पात्र लोगों को अगले माह राशि मुहैया करवाई जा सके। इसके अलावा युवाओं के लिए अम्बाला में स्टेट सैंट्रल लाइब्रेरी एवं नारनौल में जिला लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है।