Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Jul, 2026 08:57 PM

सोहना-दौला मार्ग पर वीरवार को हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने घर लौट रहा था।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना-दौला मार्ग पर वीरवार को हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने घर लौट रहा था। तेज रफ्तार वेन्यू कार ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, सुशील नगर निवासी तोताराम अपने परिजनों के साथ बहन के घर आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। उनके साथ बहन राजवती, 13 वर्षीय बेटी दीपिका, भांजा जीतू और अन्य परिजन टेंपो में सवार थे। जब उनका वाहन सोहना-दौला मार्ग पर नदी के समीप पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रही वेन्यू कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो में सवार 13 वर्षीय दीपिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी बुआ राजवती वाहन के गर्म साइलेंसर की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गईं। भांजा जीतू को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम रेफर किया गया है। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और टेंपो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि वेन्यू कार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।