Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 11 May, 2026 06:10 PM

न्यू गुरुग्राम के हुकुमचंद चौक से सेक्टर-83 चौक जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं,
मानेसर, ब्यूरो: न्यू गुरुग्राम के हुकुमचंद चौक से सेक्टर-83 चौक जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के सहारे जमा यह कूड़ा न केवल क्षेत्र की सुंदरता को खराब कर रहा है, बल्कि दुर्गंध और गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण भी बन रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कूड़ा सही तरीके से एकत्रित नहीं हो रहा।
परिणामस्वरूप लोग मजबूरी में सड़कों के किनारे कूड़ा डाल रहे हैं, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर बन गए हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि नगर निगम डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे और नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि सड़कों पर फैली गंदगी से लोगों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बरसात के मौसम में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। कूड़े के ढेरों से संक्रमण फैलने और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।