Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Jul, 2026 08:48 PM

सेक्टर-17/18 थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में तोड़फोड़ और महिला कारोबारी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-17/18 थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में तोड़फोड़ और महिला कारोबारी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में सरहौल निवासी सरिता यादव ने बताया कि उनकी सेक्टर-18 में वर्कशॉप है। जिस पर 14 जुलाई की सुबह करीब 3:40 बजे भगवान, अंकुर, साहिल और नवीन सहित लोग पहुंचे। आरोपियों ने जेसीबी मशीन की मदद से वर्कशॉप के शटर और शीशे के गेट को तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी अंकुर के हाथ में बंदूक थी और उसने उनके मैनेजर राहुल को धमकी देते हुए कहा कि आज दुकान तोड़ी है, अगली बार सरिता यादव को जान से मार देंगे।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी उन्हें धमकी दे चुके हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को दी थी। जमीन विवाद को लेकर मामला पहले एसीपी कार्यालय में भी पहुंच चुका है, जहां उन्होंने अपना लिखित जवाब प्रस्तुत किया था। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने कहा कि पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।