Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 01 Jul, 2026 12:17 PM

दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर सवारियों से भरी एक वोल्वो बस डिवाइडर से जा टकराई। घटना देर रात उस वक्त हुई जब बस सोहना रोड से जयपुर जाने के लिए दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़ी।
गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर सवारियों से भरी एक वोल्वो बस डिवाइडर से जा टकराई। घटना देर रात उस वक्त हुई जब बस सोहना रोड से जयपुर जाने के लिए दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और डीजल टैंक भी फट गया। इस घटना में टैंक में मौजूद डीजल सड़क पर बह गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी सवारी को चोट नहीं लगी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
यात्रियों की मानें तो बस का ड्राइवर जब दिल्ली से बस लेकर चला तो वह काफी खतरनाक तरीके से बस चला रहा था। सोहना रोड पर घामडौज टोल पार कर जैसे ही वह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़ा तो उसने बस की गति को और अधिक बढ़ा दिया जिसके कुछ ही मिनट बाद गुड़गांव सीमा में ही बस एक डिवाइडर से जा टकराई और यात्रियों को जोरदार झटका लगते ही बस रुक गई। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना के खौफनाक होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डिवाइर पर लगी लोहे की रेलिंग बस की शुरूआत से चद्दर को फाड़ते हुए बस के अंत तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही गुड़गांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से किनारे करवाया। वहीं, बस मालिक से संपर्क कर दूसरी बस का इंतजाम कराकर यात्रियों को जयपुर की तरफ भेजा गया।
वहीं, पुलिस की मानें तो बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण पता नहीं लग पाया है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार हुए बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।