हाईटेक जेल में सुरक्षा पर फिर सवाल: धतूरे के बीज खाने से दो कैदियों की बिगड़ी हालत, PGI रोहतक रेफर

Edited By Isha, Updated: 14 Jul, 2026 01:10 PM

two inmates fall ill after consuming datura seeds

प्रदेश की हाईटेक और अत्याधुनिक सुविधाओं वाली नवनिर्मित रेवाड़ी जिला जेल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार जेल में बंद दो कैदियों द्वारा कथित रूप से धतूरे के बीज खा लेने का मामला सामने आया है।

रेवाड़ी(महेंद्र भारती):  प्रदेश की हाईटेक और अत्याधुनिक सुविधाओं वाली नवनिर्मित रेवाड़ी जिला जेल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार जेल में बंद दो कैदियों द्वारा कथित रूप से धतूरे के बीज खा लेने का मामला सामने आया है। नशीले प्रभाव के चलते दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार घटना जेल परिसर में सफाई के दौरान हुई। 

बताया जा रहा है कि सफाई करते समय दोनों कैदियों ने धतूरे के बीज खा लिए, जिससे कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और दोनों कैदियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक कैदी के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि संबंधित कैदी पॉक्सो एक्ट के मामले में सजा काट रहा है और उसे कुछ समय पहले ही भोंडसी जेल से रेवाड़ी जेल में स्थानांतरित किया गया था। जेल अधिकारियों ने पुष्टि की कि दोनों कैदियों ने सफाई के दौरान धतूरे के बीज खा लिए थे, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। 

फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और पीजीआई रोहतक में चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है। गौरतलब है कि इसी हाईटेक जेल से 28 मार्च को दो कैदी करीब 25 फीट ऊंची दीवार पर सीढ़ी लगाकर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद कई जेल वार्डरों को निलंबित किया गया था और बाद में जेल अधीक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई हुई थी। अब जेल के भीतर धतूरे के बीज खाने की घटना ने एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कैदियों ने धतूरे के बीज कैसे और किन परिस्थितियों में खाए।
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!