हरियाणा में नहीं होगी पानी की किल्लत, मंत्री रणबीर गंगवा ने लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी

Edited By Harman, Updated: 04 Jun, 2026 05:35 PM

there will be no water shortage in haryana minister ranbir gangwa warned

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के किसी भी जिले में पेयजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं...

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के किसी भी जिले में पेयजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा बुधवार को रेवाड़ी में आयोजित जिला लोकसंपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में पहुंचे थे।

बैठक के दौरान उन्होंने आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हुए मौके पर ही 10 समस्याओं का समाधान कराया, जबकि चार मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया। शहरों में जलभराव की समस्या पर मंत्री ने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार हरियाणा के शहरों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या को लेकर भी पूरी तरह सजग है। इसके समाधान के लिए 275 सुपर सकिंग मशीनें खरीदी जा रही हैं, जिससे सीवर सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक के दौरान मंत्री कई मामलों में अधिकारियों पर सख्त नजर आए।

कोसली की एक कॉलोनी से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए उन्होंने जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि वे केवल कार्यालयों में बैठने के बजाय फील्ड में जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करें। एक प्लॉट से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान भी मंत्री ने एचएसवीपी अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और एडीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जिसकी भी गलती पाई जाएगी, उसके खिलाफ अगली बैठक में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अंसल टाउनशिप के 10 घरों को बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत पर मंत्री ने बिल्डर को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि में बैंक गारंटी जमा नहीं होने पर संबंधित बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। बैठक में कोसली विधायक अनिल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, उपायुक्त अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!