Edited By Isha, Updated: 06 Aug, 2019 02:40 PM
राजधानी दिल्ली के बवाना में आयोजित सातवें राष्ट्रीय खेलों में बहादुरगढ़ के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में बहादुरगढ़ के आर.डी.आर क्लब के 43 खिलाड़ियों
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़): राजधानी दिल्ली के बवाना में आयोजित सातवें राष्ट्रीय खेलों में हरिय़ाणा के बहादुरगढ़ के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में बहादुरगढ़ के आर.डी.आर क्लब के 43 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। विजेता खिलाड़ियों का बहादुरगढ़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
दिल्ली के बवाना स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में भारतीय विश्वविद्यालय खेल महासंघ की ओर से दो दिवसीय 7 वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया गया। इसमें ताई ताइक्वांडो, कराटे, एथलेटिक्स, कबड्डी, जूडो, बॉक्सिंग और किक बॉक्सिंग आदि खेल करवाए गए। इसमें बहादुरगढ़ के खिलाड़ियों ने कबड्डी प्रतियोगिता अंडर फोर्टीन में 12, अंडर-17 में 12 और महिला कबड्डी टीम में 11 छात्राओं ने हिस्सा लिया। साथ ही 8 खिलाड़ियों ने दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और सभी खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया है।
सभी विजेता खिलाड़ियों का चयन नेपाल में होने वाले इंटरनेशनल खेलों के लिए किया गया है। खिलाड़ियों के चयन से कोच और खिलाड़ी बेहद खुश हैं। कोच सतपाल हुड्डा का कहना है कि इससे पहले भी आर.डी.आर क्लब के खिलाड़ी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खेलों में पदक हासिल कर नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और भविष्य में उम्दा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी किया।