Edited By Harman, Updated: 20 Apr, 2026 12:41 PM

हिसार की डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने आज एक अहम बैठक का आयोजन किया, जिसमें सभी वकील और मेंबर्स शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि आज पूरे हिसार जिला में सभी वकील एक दिन के लिए अपना कार्य पूरी तरह से स्थगित रखेंगे। यानी आज कोई भी...
हिसार ( विनोद सैनी) : हिसार की डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने आज एक अहम बैठक का आयोजन किया, जिसमें सभी वकील और मेंबर्स शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि आज पूरे हिसार जिला में सभी वकील एक दिन के लिए अपना कार्य पूरी तरह से स्थगित रखेंगे। यानी आज कोई भी अधिवक्ता अदालत की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेगा।
बैठक के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी सीधे एसपी ऑफिस पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा। एसपी ने मामले में आश्वासन दिया है कि पुलिस टीम द्वारा यदि किसी प्रकार का अभद्र व्यवहार हुआ है, तो उसकी जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पांच दिन बाद होगी दोबारा बैठक
बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि कलम सिंह ने बताया कि पुलिस को 5 दिन का समय दिया गया है। अगर इस दौरान कार्रवाई नहीं होती है, तो पांच दिन बाद दोबारा बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें बड़ा फैसला लिया जा सकता है। इसके साथ ही एक विशेष कमेटी का भी गठन किया गया है, जो अधिवक्ता तरुण गोयल के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच और आगे की रणनीति पर काम करेगी।
वहीं एडवोकेट मनदीप बिश्नोई ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दर्ज की गई एफआईआर में केवल एक व्यक्ति का नाम था, जबकि पुलिस ने रात में पांच लोगों को हिरासत में लिया, जिनके नाम एफआईआर में शामिल ही नहीं थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने जेजेपी के नेताओं और पदाधिकारियों को भी उठाया, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं।
जानें क्या है मामला
आपको बता दें कि यह पूरा मामला गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जुड़ा हुआ है, जहां हुई घटना के बाद बिना नाम दर्ज हुए अधिवक्ता तरुण गोयल को देर रात हिरासत में लेने और प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। इसी के विरोध में आज हिसार के वकीलों ने कार्य बहिष्कार का फैसला लिया है। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई और अगले पांच दिनों के घटनाक्रम पर टिकी हैं।