Edited By Krishan Rana, Updated: 20 Jun, 2026 09:16 PM

झज्जर जिला कारागार से शुक्रवार को फरार हुए एक उम्रकैद के कैदी को जेल प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
झज्जर (दिनेश मेहरा): झज्जर जिला कारागार से शुक्रवार को फरार हुए एक उम्रकैद के कैदी को जेल प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज साढ़े पांच घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई ने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और तत्परता को साबित किया है।
जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ जिले के गांव आसरावास निवासी कृष्ण,जो दुष्कर्म और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे जेल परिसर के बाहर आउटसाइड गैंग में कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर वहां से निकल गया। कुछ समय बाद जब अन्य कैदी वापस लौटे और कृष्ण मौजूद नहीं मिला तो जेल प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही उपाधीक्षक सत्यभान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जेल प्रशासन ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया और संबंधित पुलिस चौकी को शिकायत भेजकर मामला दर्ज करवाया। इसके साथ ही खुफिया तंत्र और पुलिस टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया।
जेल प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम रहा कि फरार कैदी की लोकेशन जल्द ही ट्रेस कर ली गई। लगातार प्रयासों के बाद शाम करीब 4 बजे आरोपी कृष्ण को रेवाड़ी जिले के जाटुसाना क्षेत्र में उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच वापस झज्जर जिला कारागार लाया गया l
उपाधीक्षक सत्यभान ने बताया कि जेल प्रशासन की टीम ने मुस्तैदी और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए आरोपी को कम समय में पकड़ लिया। लापरवाही बरतने वाले हैड वार्डर करमजीत और कुक प्रतीक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)