हरियाणा में राजस्थान और मध्य प्रदेश के सीएम के कार्यक्रम तय, 25 को भजनलाल और 28 को मोहन यादव करेंगे कार्यकर्ता सम्मेलन

Edited By Manisha rana, Updated: 19 Feb, 2024 07:48 PM

programs of cms of rajasthan and madhya pradesh fixed in haryana

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। हरियाणा में राजस्थान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम तय हो गए हैं।

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। हरियाणा में राजस्थान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम तय हो गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल 25 फरवरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव 28 फरवरी को हरियाणा प्रवास पर रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।  बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन ने देश भर की लोकसभाओं को 146 कलस्टरों में बांटा है। हरियाणा को भी तीन कलस्टरों में बांटा गया है। सभी कलस्टरों के प्रभारी, संयोजक और सह संयोजक भी नियुक्त कर दिए गए हैं।

25 फरवरी को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हिसार, सिरसा और रोहतक लोकसभा कलस्टर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल 25 फरवरी को 10 बजे सिरसा में कलस्टर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। वहीं दो बजे राजस्थान के मुख्यमंत्री फतेहाबाद में बूथ प्रबंधन की बैठक को संबोधित करेंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल फतेहाबाद में तीनों लोकसभा के चुनाव प्रबंधन कमेटी की बैठक लेंगे जिसमें विधानसभा के प्रभारी और संयोजक शामिल होंगे। रोहतक में पांच बजे बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन होगा जिसमें सीएम भजन लाल शर्मा बुद्धिजीवियों से चर्चा करेंगे।

28 फरवरी को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद लोकसभा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने आ रहे हैं। सुबह 10 बजे महेंद्रगढ़ में कलस्टर कार्यकर्ताओं का सम्मेलन होगा जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं दो बजे गुरुग्राम लोकसभा की चुनाव संचालन और चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक नूंह में होगी। इसके बाद फरीदाबाद में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन होगा। तीनों कार्यक्रम 28 फरवरी को ही होंगे और इन तीनों कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उपस्थित रहेंगे।

हरियाणा भाजपा 10 लोकसभाओं में कमल खिलाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। सोमवार को गुरुग्राम के गुरुकमल कार्यालय में कलस्टर इंचार्ज मनीष ग्रोवर की अध्यक्षता में कस्टर की बैठक हुई, जिसमें पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई। बैठक में मनीष ग्रोवर ने बताया कि राजस्थान केे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।  साथ ही नए जोश और उमंग के साथ फील्ड में उतरने और मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्ध्यिों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनसंपर्क अभियान तेज करने के लिए उत्साहित भी करेंगे। गुरुग्राम में हुई इस बैठक में लोकसभा प्रभारी अजय गौड़, गुरुग्राम लोकसभा संयोजक मनीष मित्तल, मंत्री डा. बनवारी लाल, फरीदाबाद लोकसभा संयोजक विधायक दीपक मंगला, महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा लोकसभा प्रभारी शंकर धूप्पड़, लोकसभा संयोजक विधायक लक्ष्मण यादव, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष कमल यादव सहित जिला अध्यक्ष, तीनों लोकसभाओं के चुनाव प्रबंधन के पदाधिकारी उपस्थित रहे

मनीष ग्रोवर ने  कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में भाजपा को 370 और एनडीए को 400 पार कराने का टारगेट दिया है उसे पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता मजबूती चुनावी समर में उतरेंगे।  हरियाणा की जनता को मोदी की गारंटी पर पूरा विश्वास है। वहीं मनोहर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं से हरियाणा के लोग संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने 10 के 10 कमल खिलाना तय कर लिया है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मनीष ग्रोवर ने कहा कि  कांग्रेस के नेता गुटबाजी से अभी बाहर नहीं आ पा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव बंटवारे की राजनीति की है, लोगों को धर्म, जाति व वर्ग के हिसाब से विभाजित करना कांग्रेस का चरित्र रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल सत्ता के माध्यम से लगातार जनता की सेवा कर रहे हैं।

मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जबरदस्त तरक्की हुई है। प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। मोदी के नेतृत्व का ही कमाल है कि दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। भारत सबसे बड़ी तीसरी आर्थिक ताकत मोदी के नेतृत्व में बना है। मोदी के वादों पर जनता भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार हो रहा है कि सरकार गरीब के घर द्वार पर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनेगी। केंद्र में मोदी और हरियाणा में मनोहर लाल को सत्ता सौंपने का मन देश और प्रदेश की जनता ने बना लिया है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!