Edited By Krishan Rana, Updated: 07 May, 2026 08:08 PM

नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने
पंचकूला : नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज के चुनाव कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार और नगर निगम पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंचकूला को योजनाबद्ध और आधुनिक शहर के रूप में बसाया था, लेकिन 12 वर्षों की भाजपा सरकार ने इसे “प्रॉब्लम सिटी” बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि “ट्रिपल इंजन सरकार” ने पंचकूला को विकास का मॉडल बनाने के बजाय “लूट का एटीएम” बना दिया है।
सुरजेवाला ने नगर निगम में हुए 160 करोड़ रुपये के घोटाले और सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घोटालों की सुई सीधे भाजपा नेताओं की ओर इशारा कर रही है, लेकिन जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंचकूला के कई कम्युनिटी सेंटरों पर नगर निगम ने कब्जा कर रखा है, जबकि शहर के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पंचकूला को मोहाली की तरह आईटी, मेडिकल, एजुकेशन और कॉर्पोरेट हब बनाने में पूरी तरह विफल रही है।
सुरजेवाला ने शहर में बढ़ती गंदगी, कूड़ा प्रबंधन की बदहाली, आवारा पशुओं, बंदरों और कुत्तों की समस्या, अधूरे विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के वादे केवल “जुमलों के मकान” साबित हुए हैं। उन्होंने घग्घर नदी के सौंदर्यीकरण, झील और वॉकवे निर्माण जैसे वादों को भी भाजपा का “मुंगेरी लाल का सपना” बताया। साथ ही फोर्थ फ्लोर मंजूरी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर बिल्डर माफिया को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
सुरजेवाला ने कहा कि अब फैसला जनता के हाथ में है कि वह “घोटालों और झूठ” की राजनीति को चुनेगी या विकास और जनहित की सोच रखने वाली कांग्रेस को। इस अवसर पर सुधा भारद्वाज,संजय चौहान, प्रदीप चौधरी, रविंद्र रावल, विजय बंसल, फोमलाल, अरुण मादरा, नरेश मान, अनूप कुमार, अमरिंदर कौर,सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)