Edited By Harman, Updated: 08 Sep, 2026 10:53 AM

पंचकूला के कालका क्षेत्र के गांधी चौक पर सोमवार रात एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पंचकूला (उमंग) : पंचकूला के कालका क्षेत्र के गांधी चौक पर सोमवार रात एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान निखिल चौरसिया के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सेक्टर-6 सिविल अस्पताल, पंचकूला रेफर किया गया, जहां से उसे आगे रेफर करते हुए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, निखिल मोटरसाइकिल पर काली माता मंदिर की तरफ से गांधी चौक की ओर आ रहा था। आरोप है कि गांधी चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ नकाबपोश युवकों ने उसे रोककर कुल्हाड़ी, गंडासी, डंडों और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में निखिल सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि हमलावर पहली बार हमला करने के बाद वहां से चले गए। घायल निखिल जब किसी तरह उठकर ऑटो में बैठकर अस्पताल जाने लगा तो आरोपियों ने दोबारा उसका पीछा किया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान कथित तौर पर हमलावरों ने मौके पर मौजूद लोगों को धमकी दी कि यदि किसी ने फोटो या वीडियो बनाई तो उसे भी जान से मार दिया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हमलावर यह कहते हुए भी सुनाई दिए कि “इसने हमारे भाई को मारा था।” घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आने की जानकारी है।
यह भी बताया जा रहा है कि करीब सात महीने पहले निखिल का एक आपराधिक मामले से संबंध रहा था। हालांकि, इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही कालका थाना प्रभारी प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और हमले के कारणों तथा आरोपियों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।