Edited By Krishan Rana, Updated: 12 Aug, 2026 08:14 PM

रेवाड़ी के बस स्टैंड के पास लगे हिताची मनी स्पॉट एटीएम से छेड़छाड़ करने का मामला सामने
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी के बस स्टैंड के पास लगे हिताची मनी स्पॉट ATM से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। दो युवतियों ने ATM मशीन से छेड़छाड़ कर पैसे निकालने का प्रयास किया। पूरी घटना ATM में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
CCTV फुटेज में एक युवती नुकीली चीज से मशीन के साथ छेड़छाड़ करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी युवती बाहर खड़ी होकर निगरानी कर रही है। दोनों युवतियां बाइक पर सवार होकर ATM तक आई थीं। घटना 10 अगस्त की सुबह की है। एटीएम की देखरेख करने वाली एजेंसी ने सीसीटीवी फुटेज के साथ मामले की शिकायत धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस को दी है।
सीसीटीवी के अनुसार सुबह करीब 9:18 बजे दोनों युवतियां ATM में दाखिल हुईं। उस समय एक युवक वहां पैसे गिन रहा था। उसके जाने के बाद दोनों युवतियों ने ATM से पैसे निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान एक अन्य युवक वहां आ गया, जिसके बाद एक युवती 9:19 बजे बाहर निकल गई।
करीब 9:54 बजे एक युवक एटीएम से पैसे निकालकर बाहर निकला। उसके जाते ही 9:55 बजे दोनों युवतियां फिर एटीएम में पहुंचीं। एक युवती बाहर खड़ी हो गई, जबकि दूसरी ने जेब से नुकीली चीज निकालकर मशीन से छेड़छाड़ शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों दूसरी मशीन के पास चली गईं।
एक युवती ने एटीएम कार्ड से पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तीन-चार बार कोशिश के बाद भी सफल नहीं हुई। इसके बाद उसने मोबाइल फोन देखा और बार-बार पसीना पोंछती नजर आई। इसी दौरान एटीएम में कुछ लोग पहुंचे तो दोनों युवतियां सामान्य तरीके से पैसे निकालने का प्रयास करने लगीं।
करीब 10 बजे एक युवती दोबारा ATM में पहुंची और छेड़छाड़ वाली मशीन से पैसे निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक भी वहां आया। युवती उससे बातचीत करती रही, जबकि उसकी साथी ने मशीन से पैसे निकालने का प्रयास किया।
बाद में दोनों युवतियां फ्लाईओवर के पास बाइक लेकर पहुंचीं। वहां कुछ देर आपस में बातचीत करने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर निकल गईं। ATM के केयरटेकर प्रेम कुमार ने बताया कि घटना के समय ATM में करीब दो लाख रुपये की नकदी थी। कंपनी के जिले में कुल सात एटीएम हैं, जिनमें तीन धारूहेड़ा और चार रेवाड़ी में हैं। इस साल एटीएम से छेड़छाड़ की यह पहली घटना है। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)