Edited By Isha, Updated: 08 Apr, 2026 06:52 PM

बहादुरगढ़ में एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 में स्थित एक जूता फैक्ट्री में बुधवार की शाम को भीषण आग लग गई। आग लगते ही कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। तुरंत बाहर निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई
बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ में एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 में स्थित एक जूता फैक्ट्री में बुधवार की शाम को भीषण आग लग गई। आग लगते ही कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। तुरंत बाहर निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई। वहीं, सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला। देर शाम तक पांच गाड़ियों के सहारे कर्मचारी आग बुझाने में जुटे थे। आग से फैक्ट्री मालिक को काफी नुकसान हुआ है।
आग लगने की यह घटना प्लाट नंबर-168 में चल रही सुपर किक्स फैक्ट्री में हुई है। दरअसल, दिल्ली के निवासी विभोर की यह फैक्ट्री है। इसमें जूते-चप्पल तैयार किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि पहले फैक्ट्री के पीछे स्थित एक वेल्डिंग यूनिट में काम के दौरान शेड में आग लगी। आग तेजी से फैलकर सुपर किक्स फुटवियर फैक्ट्री तक पहुंच गई। देखते ही देखते प्रथम तल पर मौजूद मशीनों और माल को चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। ज्वलनशील पदार्थ होने के चलते आग पूरी तरह से भड़की हुई थी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने भी मौके पर आकर मोर्चा संभाला। आग से काफी कच्चा व तैयार माल जल गया। मशीनों को भी नुकसान पहुंचा है। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की बात सामने आई है। असल पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी।