Edited By Krishan Rana, Updated: 04 Apr, 2026 07:47 PM

कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल-वे पर जाखौली टोल प्लाजा के पास वरिष्ठ कांग्रेस नेता
सोनीपत (सन्नी मलिक) : कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल-वे पर जाखौली टोल प्लाजा के पास वरिष्ठ कांग्रेस नेता खुशबाज सिंह जटाना और उनके चालक व गनमैन को टक्कर मारने के आरोपी ट्राला चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नूंह के गांव सिलखो का रहने वाला तहसीम है। पुलिस ने उसके ट्राला को बरामद करने के साथ ही उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आपको बता दें कि बुधवार देर शाम केजीपी पर जाखौली टोल प्लाजा के पास पंजाब के बठिंडा स्थित मॉडल टाउन फेस-1 निवासी कांग्रेसी नेता खुशबाज जटाना की डिफेंडर गाड़ी पंक्चर हो गई थी। वह चालक गांव सकलदी निवासी परविंदर व गनमैन गांव सुखलोदी निवासी करनदीप के साथ गाड़ी के पास खड़े थे।
पंक्चर बनाने के लिए यूपी के बागपत के गांव डोला के फुरकान को बुलाया था। इसी दौरान कनार्टक नंबर के ट्राला ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में खुशबाज सिंह जटाना व चालक परविंदर का निधन हो गया था। कुंडली थाना पुलिस ने उनके बड़े भाई खुशबेग सिंह जटाना के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले में कुंडली थाना पुलिस ने आरोपी तहसीम को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत के आदेश में न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी तहसीम पहले भी सड़क हादसों के 2 मामलों में नामजद रहा है। उस पर 31 मार्च, 2021 को थाना भोंडसी व 3 अप्रैल, 2024 को थाना सदर नूंह में सड़क हादसे कर लोगों को घायल करने की प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)