'लव, धोखा और ऑस्ट्रेलिया', पत्नी को विदेश भेजने के चक्कर में बिकी बेकरी, 34 लाख के कर्ज ने उजाड़ा परिवार

Edited By Isha, Updated: 05 Jul, 2026 11:22 AM

inter caste marriage wife moved to australia but now refuses to return

इंटरकास्ट मैरिज के बाद पत्नी के साथ विदेश में नई जिंदगी बसाने का सपना देखने वाले हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले संजीव कुमार की जिंदगी 4 साल में पूरी तरह बदल गई। मैरिज के सिर्फ एक महीने बाद ही

कुरुक्षेत्र(रणदीप): इंटरकास्ट मैरिज के बाद पत्नी के साथ विदेश में नई जिंदगी बसाने का सपना देखने वाले हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले संजीव कुमार की जिंदगी 4 साल में पूरी तरह बदल गई। मैरिज के सिर्फ एक महीने बाद ही उसकी उसकी नवविवाहित पत्नी ऑस्ट्रेलिया चली गई। जाते समय उसने जल्द स्पॉन्सर भेजकर अपने पास बुलाने का भरोसा दिया था। मगर, चार साल बीतने के बाद भी वह इंतजार ही करता रह गया। इस इंतजार में उसकी बेकरी तक बिक गई। उस पर करीब 34 लाख रुपए का कर्ज चढ़ गया और परिवार आर्थिक संकट में टूट गया। इस तनाव में उसके पिता भी चल बसे। वह प्रत्येक माह डेढ़ लाख रुपए की किस्त भरने को मजबूर है।

उधर, अब पत्नी ने उसके साथ रहने और उसे ऑस्ट्रेलिया बुलाने से मना कर दिया। यहां तक की उसका मैरिज रजिस्ट्रेशन भी कैंसिल करा दिया। मन मारकर संजीव ने उसके खिलाफ ऑस्ट्रेलिया एंबेसी को शिकायत कर दी है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया में कोर्ट में मामला दायर करने के लिए याचिका डाली है।

पिहोवा के गांव बिलोचपुरा निवासी संजीव कुमार का आरोप है कि उसी सपने ने उसे कर्ज में डुबो दिया। पत्नी को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए उसने अपनी बेकरी तक बेच दी, लाखों रुपए उधार लिए और रिश्तेदारों से भी मदद मांगी, लेकिन अब पत्नी ने उसे अपने पास बुलाने से इनकार कर दिया। संजीव का कहना है कि जिस पत्नी के साथ पूरी जिंदगी बिताने का सपना देखा था, उसने सिर्फ एक महीने साथ रहने के बाद उससे दूरी बना ली।

संजीव के मुताबिक उसकी शादी 30 अक्टूबर 2022 को पास के एक गांव की युवती से इंटरकास्ट मैरिज के रूप में हुई थी। शादी के बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में सभी रस्में पूरी हुईं। शादी के शुरुआती दिनों में दोनों साथ रहे। इसी दौरान वह पत्नी को हनीमून पर शिमला और अमृतसर भी लेकर गया। उसे भरोसा था कि दोनों मिलकर विदेश में अपना भविष्य बनाएंगे।

संजीव का आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद दिसंबर 2022 में उसकी पत्नी ऑस्ट्रेलिया के सिडनी चली गई। जाने से पहले उसने भरोसा दिलाया था कि जल्द ही स्पॉन्सर या जरूरी दस्तावेज भेजकर उसे भी अपने पास बुला लेगी। लेकिन समय बीतता गया और हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल दी गई।

24 लाख खर्च कर पत्नी को भेजा ऑस्ट्रेलिया

संजीव का कहना है कि पत्नी को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए उसने कुरुक्षेत्र के सेक्टर-10 के एक एजेंट के जरिए करीब 24 लाख रुपए खर्च किए। इसके लिए उसने अपनी बेकरी का सामान बेच दिया और करीब 22 लाख रुपए ब्याज पर उधार लिए। उसे उम्मीद थी कि कुछ महीनों बाद वह भी ऑस्ट्रेलिया पहुंच जाएगा और वहां मेहनत कर सारा कर्ज चुका देगा।

आरोप- शादीशुदा होते हुए भी अनमैरिड दिखाकर भेजा

संजीव ने आरोप लगाया कि बाद में उसे पता चला कि उसकी पत्नी के पिता, जो एक बैंक में गार्ड हैं, ने एजेंट के साथ मिलकर उसकी पत्नी को दस्तावेजों में अविवाहित दिखाकर ऑस्ट्रेलिया भेज दिया। जबकि उनकी शादी पहले ही रजिस्टर्ड हो चुकी थी। उसका यह भी आरोप है कि शादी का रजिस्ट्रेशन किसी तरह रद्द करा दिया गया। विरोध करने पर उसकी पत्नी को सितंबर 2023 में भारत लौटना पड़ा।

10-15 दिन साथ रही, दोबारा रजिस्ट्रेशन कराया और फिर चली गई

संजीव के अनुसार सितंबर 2023 में पत्नी करीब 10-15 दिन उसके साथ रही। इस दौरान 26 सितंबर 2023 को दोनों ने दोबारा शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद पत्नी फिर ऑस्ट्रेलिया लौट गई। संजीव का कहना है कि इसके बाद भी वह लगातार स्पॉन्सर भेजने की बात करती रही। इस प्रक्रिया में उसके 8 से 10 लाख रुपए और खर्च हो गए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

फिर बंद हो गई बातचीत, पूरे परिवार को कर दिया ब्लॉक

संजीव का आरोप है कि जब उसने पत्नी और ससुराल पक्ष से जवाब मांगा तो पहले टालमटोल की गई। बाद में उसके ससुर ने कह दिया कि उनकी बेटी अब उनकी बात भी नहीं मानती। इसके कुछ समय बाद पत्नी ने उसका, उसके परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट तक ब्लॉक कर दिए। इसके बाद दोनों के बीच पूरी तरह संपर्क टूट गया।

कर्ज के बोझ ने तोड़ दिया परिवार

संजीव का कहना है कि पत्नी को विदेश भेजने के लिए लिया गया कर्ज लगातार बढ़ता गया। ब्याज पर ब्याज चढ़ने लगा। इसी तनाव के बीच 6 मई 2025 को उसके पिता जसवंत सिंह की मौत हो गई। उसकी मां भी तब से बीमार रहने लगी हैं। संजीव का दावा है कि अब तक उसके करीब 34 लाख रुपए इस पूरी प्रक्रिया में खर्च हो चुके हैं और वह आज भी हर महीने करीब डेढ़ लाख रुपए सिर्फ ब्याज के रूप में चुका रहा है।

अब ऑस्ट्रेलिया और पुलिस से लगाई गुहार

संजीव ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई दूतावास में शिकायत भेजी है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में कोर्ट में मामला दायर करने के लिए भी आवेदन किया है। वह जल्द ही कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर शिकायत देगा और पत्नी, उसके पिता तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। संजीव की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिन लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ धोखाधड़ी की है उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो और उसके 34 लाख रुपए वापस दिलाए जाएं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!