Edited By Krishan Rana, Updated: 27 Mar, 2026 07:40 PM

हांसी में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। गीता चौक के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सवारियों से भरी प्राइवेट बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी 35 यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना शाम करीब 5:15 बजे की है। हांसी से हिसार जा रही एक प्राइवेट बस गीता चौक से आगे 'द रिजनट मैरिज पैलेस' के पास यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बस की बॉडी को चीरते हुए अंदर तक जा घुसा। बस कई मीटर तक आगे घिसटती चली गई।
बस चालक ने बताया कि वह यात्रियों को उतारने के लिए बस को साइड में लगाए हुए था, तभी पीछे से ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक को टोल प्लाजा की एंबुलेंस से तुरंत हिसार के अस्पताल भेजा गया। फिलहाल घायल चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)