Edited By Yakeen Kumar, Updated: 25 Jul, 2025 09:39 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के साथ-साथ देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और शुक्रवार को मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में 4078 दिनों का कार्यकाल पूरा कर लिया
चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के साथ-साथ देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और शुक्रवार को मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में 4078 दिनों का कार्यकाल पूरा कर लिया और भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के नाम दर्ज हुए इस नए रिकॉर्ड को सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद रहे केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल भी हरियाणा की राजनीति में लगातार सत्ता के केंद्र में बने हुए हैं और उन्होंने भी प्रधानमंत्री मोदी की तरह पहले राज्य व फिर केंद्र सरकार में लगातार सत्ता में भागीदार रहकर अपने नाम नया रिकॉर्ड कायम किया है। मनोहर लाल 26 अक्तूबर 2014 से लेकर 12 मार्च 2024 तक लगातार 9 साल 138 दिनों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अब पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से वे केंद्रीय मंत्री हैं। इस प्रकार यदि मनोहर लाल खट्टर के सत्ता में बने रहने के रिकॉर्ड को देखा जाए तो वे पिछले करीब पौने 11 वर्षों से सत्ता का हिस्सा बने हुए हैं।
गौरतलब है कि मनोहर लाल से पहले चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लगातार दो बार मुख्यमंत्री रहते हुए 9 साल 235 दिनों का कार्यकाल पूरा किया। इससे पहले चौ. बंसीलाल 1968 से लेकर 1975 तक लगातार 7 साल के लिए जबकि चौ. भजनलाल 1979 से लेकर 1986 तक लगातार दो बार मुख्यमंत्री रहे और उनका इस अवधि दौरान कुल कार्यकाल 6 साल 342 दिन तक रहा। इसके बाद भजनलाल 1986 से लेकर 1989 तक केंद्रीय मंत्री रहे और ऐसे में चौ. भजनलाल लगातार राज्य व केंद्र की सत्ता में करीब पौने 10 वर्षों तक भागीदार रहे। रोचक बात यह है कि वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल हरियाणा के एक ऐसे नेता बन गए हैं जो लगातार पौने 11 वर्षों से सत्ता का केंद्र बिंदू बने हुए हैं और प्रधानमंत्री मोदी की तरह से उनका भी यह अपने आप में एक नया सियासी रिकॉर्ड है। मनोहर लाल खट्टर पहली बार 26 अक्तूबर 2014 को मुख्यमंत्री बने और अक्तूबर 2019 तक इस पद पर रहे। इसके बाद वे 27 अक्तूबर 2019 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बने और 12 मार्च 2024 तक इस पद पर बने रहे। ऐसे में वे करीब 9 साल 138 दिनों तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद वे 4 जून 2024 को करनाल से सांसद चुने गए और 10 जून 2024 को केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में शपथ ली और वे लगातार इस पद पर बने हुए हैं। इस प्रकार से हरियाणा के नेताओं की बात करें जो मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्र में मंत्री भी रहे हैं, उनमें मनोहर लाल खट्टर का लगातार कुल कार्यकाल शेष नेताओं की तुलना में अधिक होने का रिकॉर्ड बन गया है।
केंद्रीय मंत्री के रूप में देश के सभी राज्यों का दौरा करने का बनाया रिकॉर्ड
विशेष बात यह है कि मनोहर लाल ने 10 जून 2024 को केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली थी। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद विभागीय परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर 1 वर्ष की अवधि में ही वे देश के सभी राज्यों का दौरा कर एक नया रिकॉर्ड बना चुके हैं। वे लगातार विभिन्न राज्यों में जाकर ऊर्जा एवं शहरी विकास विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। वे पुरानी योजनाओं को जहां रफ्तार दे रहे हैं तो नई योजनाएं भी लागू कर रहे हैं। खास पहलू यह है कि वे जब दिल्ली में होते हैं, तब भी दिनभर अधिकारियों के साथ बैठकों में परियोजनाओं की समीक्षा करते हैं और फील्ड में जाकर स्वयं भी परियोजनाओं का अवलोकन करते हैं। इसके अलावा मनोहर लाल संभवत पहले ऐसे केंद्रीय मंत्री हैं जिनसे भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तो अपने प्रदेश की परियोजनाओं को लेकर पहुंच ही रहे हैं, वहीं गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का भी उनसे मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए भी चर्चा में है खट्टर का नाम
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से आने वाले समय में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति करनी है। अभी तक भाजपा 25 से अधिक राज्यों में प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति कर चुकी है और सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा है कि जल्द ही भाजपा शीर्ष नेतृत्व नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बना सकती है। उल्लेखनीय है कि जे.पी. नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था और उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अन्य नेताओं के साथ-साथ मनोहर लाल खट्टर का नाम भी चर्चा में है। वैसे भी मनोहर लाल को सत्ता व संगठन दोनों का लंबा अनुभव रहा है। 1977 से लेकर 1994 तक वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक में विभिन्न पदों पर रहे। 1994 में उन्हें हरियाणा भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया गया। 1996 में हरियाणा भाजपा के तत्कालीन प्रभारी नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और हरियाणा विकास पार्टी का गठबंधन करवाने में भी अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वे कई राज्यों के प्रभारी भी रहे हैं। सियासी विश्लेषक मानते हैं कि वैसे भी मनोहर लाल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विश्वास पात्र माना जाता है और केंद्रीय मंत्री बनने के बाद मनोहर लाल ने विभिन्न राज्यों में जाकर पार्टी की विस्तारक बैठकों की भी अध्यक्षता की थी।