खट्टर नहीं पहुंचे, CM सैनी ने तोड़ी परंपरा, 12 साल बाद रामपुरा हाउस पहुंचे...सैनी-राव मुलाकात बनी चर्चा का केंद्र

Edited By Krishan Rana, Updated: 03 May, 2026 08:13 PM

khattar didn t show up saini broke tradition visiting rampura house after 12 y

हरियाणा की राजनीति में शनिवार को एक अहम घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी स्थित रामपुरा हाउस पहुंचे

रेवाड़ी : हरियाणा की राजनीति में शनिवार को एक अहम घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी स्थित रामपुरा हाउस पहुंचे और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने साथ बैठकर लंच किया और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा भी की।

यह मुलाकात इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि वर्ष 2014 से अब तक के भाजपा शासनकाल में यह पहला मौका है, जब कोई भाजपा मुख्यमंत्री रामपुरा हाउस पहुंचा है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कई बार रेवाड़ी आए, लेकिन उन्होंने कभी भी यहां जाकर राव इंद्रजीत से मुलाकात नहीं की।  

रामपुरा हाउस को अहीरवाल क्षेत्र की राजनीति का अहम केंद्र माना जाता है। यह स्थान राव इंद्रजीत के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के समय से ही सियासी गतिविधियों का केंद्र रहा है। यहां देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां जैसे इंदिरा गांधी, प्रताप सिंह कैरों, देवी लाल और भूपिंदर सिंह हुड्डा भी आ चुकी हैं। 

 विशेष बात ये भी रही कि शनिवार को सीएम के कार्यक्रम में राव इंद्रजीत व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर अरसे बार रेवाड़ी में एक मंच पर नजर आए। एक पार्टी में होते हुए भी दोनों के बीच छत्तीस का आंकड़ा रहता है। बता दें कि शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन निकाय चुनावों की घोषणा के बाद यह कार्यक्रम एक तरह से चुनावी सभा में तब्दील हो गया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी के भाषण की 5 बड़ी बातें

ट्रिपल इंजन सरकार पर जोर
सीएम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, अब नगर निकायों में भी भाजपा की जीत से ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बनेगी, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।

विपक्ष पर निशाना
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल और पंजाब में किए गए वादे पूरे नहीं हुए, जबकि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के कई वादे समय पर पूरे किए हैं।

‘संकल्प 21’ से शहरों का विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि संकल्प पत्र में 21 प्रमुख बिंदु शामिल हैं, जिन्हें चुनाव के बाद लागू कर शहरों का कायाकल्प किया जाएगा।

गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में डायलिसिस सुविधा पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है।

आचार संहिता का हवाला
सीएम ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण नई घोषणाएं नहीं की जा सकतीं, लेकिन 10 तारीख के बाद जनता की मांगों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।  
 

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!