Edited By Harman, Updated: 14 Sep, 2026 02:44 PM

रोहतक की गलियों से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली शेफाली वर्मा ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली की विस्फोटक बैटिंग की बदौलत टीम इंडिया ने महिला एशिया कप पर कब्जा...
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक की गलियों से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली शेफाली वर्मा ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली की विस्फोटक बैटिंग की बदौलत टीम इंडिया ने महिला एशिया कप पर कब्जा जमाया। इस जीत के बाद रोहतक में शेफाली के परिवार में खुशी की लहर है। बेटी की उपलब्धि पर पिता संजीव वर्मा ने खुशी जताते हुए पूरी टीम को बधाई दी है।
शेफाली के पिता संजीव वर्मा ने कहा कि टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि देर रात शेफाली से उनकी बातचीत भी हुई। संजीव वर्मा के मुताबिक, ट्रॉफी न लेने का फैसला टीम का था। उन्होंने कहा कि देश पहले है, ट्रॉफी बाद में। भारतीय टीम की जीत पर उन्होंने खिलाड़ियों और पूरे देश को बधाई दी।
शेफाली के पिता ने बताया कि बेटी ने इस बार मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीतकर तोहफा देने का वादा किया था। शेफाली की शानदार बल्लेबाजी और टीम की जीत से परिवार बेहद खुश है। पिता ने कहा कि बेटी की मेहनत और उपलब्धि पर उन्हें गर्व है। रोहतक की बेटी ने अपनी प्रतिभा के दम पर देशभर में परिवार और शहर का नाम रोशन किया है।
हालांकि संजीव वर्मा का कहना है कि शेफाली के खेल में अभी भी कुछ कमियां हैं। उन्होंने कहा कि बेटी को अपने खेल में और सुधार करने की जरूरत है। उनका मानना है कि शेफाली अभी अपने खेल के उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाई है, जहां वह पहुंच सकती है। पिता की ये बातें बताती हैं कि परिवार बेटी की सफलता के साथ-साथ उसके बेहतर भविष्य पर भी ध्यान दे रहा है।रोहतक की बेटी शेफाली वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने महिला क्रिकेट में एक बार फिर अपनी छाप छोड़ी है। एशिया कप की जीत से परिवार में जश्न है, तो पिता को उम्मीद है कि शेफाली आने वाले मुकाबलों में और बेहतर प्रदर्शन करेगी। देश की बेटी को इस शानदार उपलब्धि पर चारों ओर से बधाइयां मिल रही हैं।