Edited By Manisha rana, Updated: 12 Apr, 2026 04:00 PM

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण कॉलोनी वासियों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं आने से जहां भीषण गर्मी में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है, वहीं पानी की सप्लाई भी बाधित होने से स्थिति और...
धारूहेड़ा (महेंद्र भारती) : हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण कॉलोनी वासियों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं आने से जहां भीषण गर्मी में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है, वहीं पानी की सप्लाई भी बाधित होने से स्थिति और गंभीर बन गई है। सैकड़ों परिवारों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के कामों तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी वासियों का कहना है कि पिछले सात दिनों से लगातार बिजली गुल है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। विभागीय लापरवाही के चलते लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में करीब साढ़े चार सौ बीपीएल फ्लैट्स बने हुए हैं, जिनमें सैकड़ों परिवार निवास करते हैं। बिजली बाधित होने से मोटरें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी निवासी रमेश देवी, रीति देवी, सुमन कुमारी, पूजा कुमारी, ज्योति कुमारी, राजेश देवी, कमलेश कुमारी, सुकन्या देवी, खुशी देवी, आरती कुमारी, मिष्ठी देवी, अंशु कुमारी व ज्योति देवी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली और पानी व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो कॉलोनी वासी मजबूर होकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाए, ताकि सैकड़ों परिवारों को राहत मिल सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)