Edited By Krishan Rana, Updated: 25 Apr, 2026 03:35 PM

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए इस गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार
हिसार (विनोद सैनी) : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना हिसार की टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन और एएसपी मयंक मुदगिल के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना हिसार की टीम को यह बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब, राजस्थान और हैदराबाद के रहने वाले लोग शामिल हैं, जो मिलकर देशभर में ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को फर्जी निवेश योजना में फंसाया। खुद को म्यूचुअल फंड कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उन्होंने एक फर्जी मोबाइल ऐप तैयार किया, जिसमें निवेश पर भारी मुनाफा दिखाकर लोगों को झांसे में लिया जाता था।
हिसार के बरवाला निवासी एक युवक से इस गिरोह ने करीब 29 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी ऐप में फर्जी बैलेंस दिखाते रहे और जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे की मांग की गई। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों का विश्लेषण किया, जिसमें सामने आया कि ठगी की रकम अलग-अलग खातों के जरिए एक फर्म के खाते में ट्रांसफर की जा रही थी। इस मामले में फरीदाबाद निवासी एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

18 मोबाइल, 33 पासबुक-चेकबुक, 22 ATM कार्ड और लैपटॉप बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन, 33 पासबुक और चेकबुक, 22 एटीएम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है। ये सभी उपकरण साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे थे। आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर या खरीदकर उनमें ठगी की रकम जमा करवाते थे और बाद में अलग-अलग माध्यमों से निकाल लेते थे। मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
वही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर मिलने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव से सावधान रहें और किसी भी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड करने से बचें।फिलहाल, पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)