Edited By Manisha rana, Updated: 17 Apr, 2026 02:15 PM

बड़ी खबर सामने आ रही है। हिसार के सिटी थाना में दिग्विजय चौटाला गिरफ्तारी देने पहुंचे। साथ में ही पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी मौजूद रहे।
हिसार (विनोद सैनी) : बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा के हिसार में गुरुवार को गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में हुए बवाल के बाद पुलिस जजपा के युवा अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला और उनके कई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही छह नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। हिसार के सिटी थाना में दिग्विजय चौटाला गिरफ्तारी देने पहुंचे। साथ में ही पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी मौजूद रहे। सिटी थाने में गिरफ्तारी नहीं ली गई। इसके बाद दिग्विजय चौटाला आईजी ऑफिस के लिए रवाना हुए।

बताया जा रहा है कि जेजेपी की युवा विंग यूनिवर्सिटी में एक सम्मेलन करना चाहती थी, लेकिन कुलपति नरसीराम बिश्नोई ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद कार्यक्रम को पास की यादव धर्मशाला में शिफ्ट किया गया। यादव धर्मशाला में छात्रों को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने वीसी के फैसले पर नाराजगी जताई और वीसी ऑफिस घेरने का ऐलान कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र और जेजेपी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए वीसी ऑफिस पहुंच गए। जैसे ही प्रदर्शनकारी वीसी ऑफिस पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। छात्र वीसी से बात कराने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन जब उन्हें रोका गया तो माहौल और बिगड़ गया। प्रदर्शनकारी गेट तक पहुंच गए और अंदर जाने की कोशिश करने लगे, जिस पर पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी बीच कुलपति पिछले गेट से निकल गए, जिससे छात्रों का गुस्सा और भड़क गया।
