Edited By Deepak Kumar, Updated: 23 Jun, 2025 06:22 PM

सिरसा जिले के गांव खैरकां में स्थित लिबान फर्टिलाइजर फैक्ट्री में सीएम फ्लाइंग टीम ने छापेमारी की। सीएम फ्लाइंग टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने किया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
सिरसा (सतनाम सिंह): सिरसा जिले के गांव खैरकां में स्थित लिबान फर्टिलाइजर फैक्ट्री में सीएम फ्लाइंग टीम ने छापेमारी की। सीएम फ्लाइंग टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने किया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर कई एक्सपायरी डेट के बायो और केमिकल फर्टिलाइजर उत्पाद मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही, कुछ उत्पाद बिना किसी लेबल, ब्रांड या निर्माण जानकारी के पाए गए, जो जांच के घेरे में हैं। "माइक्रो राज" नामक उत्पाद की 25 से 30 बाल्टियों की एक्सपायरी डेट 2021 और 2024 पाई गई।
कृषि विभाग की प्रतिक्रिया
कृषि विभाग के उप निदेशक सुखदेव सिंह ने वोल 1 मीडिया से बातचीत में बताया कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे बायो फर्टिलाइजर की कई शीशियां एक्सपायरी पाई गईं। इसके अलावा नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले कृषि विभाग द्वारा लिए गए दो सैंपलों में से एक मिस ब्रांडेड (गलत लेबलिंग) पाया गया था। उसकी री-टेस्टिंग प्रक्रिया जारी है और रिपोर्ट के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खामियां
- फैक्ट्री में लैब अटेंडेंट नियमित रूप से मौजूद नहीं पाया गया।
- स्टॉक रजिस्टर अधूरा मिला।
- कुछ उत्पादों के नमूने लेने योग्य स्थिति में नहीं थे, लेकिन उन्हें जांच में शामिल किया गया है।
नोटिस और कानूनी कार्रवाई के संकेत
सीएम फ्लाइंग टीम ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में फैक्ट्री दोषी पाई जाती है तो उसे नोटिस जारी किया जाएगा और विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि फर्टिलाइजर की खरीद और सप्लाई की श्रृंखला क्या रही।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)