Edited By Isha, Updated: 11 Sep, 2026 01:08 PM

करनाल के हाबड़ी ब्रांच स्थित बस्तली नहर में तीन दिन पहले डूबे पिता और पुत्र के शव आखिरकार बरामद कर लिए गए हैं। SDRF और गोताखोरों की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नहर से बाहर
करनाल: करनाल के हाबड़ी ब्रांच स्थित बस्तली नहर में तीन दिन पहले डूबे पिता और पुत्र के शव आखिरकार बरामद कर लिए गए हैं। SDRF और गोताखोरों की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि निसिंग क्षेत्र के गांव बीर बड़ालवा निवासी सतनाम और उसका बेटा मानुष तीन दिन पहले खेत में धान की फसल पर स्प्रे करने के लिए गए थे। खेत में पानी की जरूरत पड़ने पर मानुष नहर से पानी लेने गया था, तभी उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। बेटे को डूबता देख उसे बचाने के लिए पिता सतनाम ने भी नहर में छलांग लगा दी थी, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों गहरे पानी में लापता हो गए थे।
घटना के बाद से ही पुलिस, SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थीं। तीसरे दिन जाकर टीमों को सफलता मिली और दोनों पिता-पुत्र के शव बरामद किए गए। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।