Edited By Manisha rana, Updated: 24 Apr, 2026 03:51 PM

हरियाणा में निकाय चुनावों की सरगर्मियां इन दिनों मौसम की गर्मी से भी तेज हो गई हैं। सोनीपत से बीजेपी के मेयर पद के उम्मीदवार राजीव जैन ने अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जोरदार रैली के बीच नामांकन दाखिल किया।
सोनीपत (सन्नी मलिक) : हरियाणा में निकाय चुनावों की सरगर्मियां इन दिनों मौसम की गर्मी से भी तेज हो गई हैं। सोनीपत से बीजेपी के मेयर पद के उम्मीदवार राजीव जैन ने अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जोरदार रैली के बीच नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, विधायक निखिल मदान और देवेंद्र कादियान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने पार्टी आलाकमान के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने दावा किया कि हरियाणा के निकाय चुनावों में बीजेपी परचम लहराएगी।
नामांकन के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में होने वाले सभी निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत होगी। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान द्वारा चुनाव छोड़ने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़ौली ने सीधी टिप्पणी से बचते हुए कहा कि यह कांग्रेस की राजनीति है, इस पर हमारा जवाब देना ठीक नहीं। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि यह कांग्रेस का ही संस्कार है कि 10 मई तक वे कितनी बार बैठेंगे और कितनी देर तक उठेंगे, यह वही जानते हैं।
वहीं राहुल गांधी का जिक्र करते हुए बड़ौली ने कहा कि अगर वे चुनाव प्रचार के लिए सोनीपत आएंगे तो यहां की जनता उन्हें एक बार फिर जलेबी की फैक्टरी की याद दिला देगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के पारित न होने के मुद्दे पर भी बड़ौली ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मामले ने विपक्ष का असली चेहरा जनता के सामने ला दिया है और विपक्षी दलों ने महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)