Edited By Manisha rana, Updated: 13 May, 2026 02:56 PM

नगर परिषद रेवाड़ी और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। रेवाड़ी के सेक्टर-18 स्थित राजकीय महिला कॉलेज तथा धारूहेड़ा के खरखड़ा कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू हुई।
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : नगर परिषद रेवाड़ी और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। रेवाड़ी के सेक्टर-18 स्थित राजकीय महिला कॉलेज तथा धारूहेड़ा के खरखड़ा कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू हुई। मतगणना केंद्रों को दोहरी सुरक्षा घेरे में रखा गया था तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केंद्रों के आस-पास धारा 163 भी लागू रही।
रेवाड़ी नगर परिषद में मतगणना 14 टेबलों पर और धारूहेड़ा नगर पालिका में 4 टेबलों पर 7-7 राउंड में पूरी की गई। पूरे दिन मतगणना केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। परिणाम आते ही भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जमकर जश्न मनाया गया। रेवाड़ी नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की। विनीता पीपल को कुल 44,521 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका चौधरी को 23,066 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी ने 21,455 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर नगर परिषद की राजनीति में बड़ा संदेश दिया।
वहीं नगर परिषद के 32 वार्डों के चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। इनमें भाजपा के 12 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, जबकि अन्य वार्डों में विपक्षी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी। चुनाव परिणामों के बाद शहर में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जीत के बाद भाजपा समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं और ढोल-नगाड़ों के साथ विजय उत्सव मनाया। समर्थकों का कहना है कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है।