Edited By Krishan Rana, Updated: 01 Jun, 2026 08:48 PM

हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर चंडीगढ़ सचिवालय में अपनी लंबित मांगों को लेकर बल्लारपुर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (यमुनानगर) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर चंडीगढ़ सचिवालय में अपनी लंबित मांगों को लेकर बल्लारपुर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (यमुनानगर) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने लंबे समय से रुके हुए प्रॉविडेंट फंड (PF) और ग्रेच्युटी राशि के भुगतान के लिए मंत्री जी से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने तुरंत एक्शन लिया और विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
6 साल से अटका है 15 महीने का PF और ग्रेच्युटी
श्रम मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्ष 2020 में कंपनी से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन अत्यंत खेद का विषय है कि रिटायरमेंट के 5 से 6 वर्ष बीत जाने के बाद भी कंपनी प्रबंधन ने उनका 15 महीने का PF का पैसा रोक रखा है। यही नहीं, वर्ष 2024 और वित्तीय वर्ष 2024-25 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की स्थिति भी बदतर है, क्योंकि उन्हें भी अभी तक PF और ग्रेच्युटी की राशि नहीं दी गई है।
प्रबंधन के अड़ियल रवैये से बुढ़ापे में दर-दर भटकने को मजबूर मजदूर
कर्मचारी नेताओं ने मंत्री जी को अवगत कराया कि कंपनी प्रबंधन लगातार टालमटोल का रवैया अपना रहा है। जब इस संबंध में पीएफ कार्यालय, करनाल के कमिश्नर से बात की गई, तो पता चला कि नियमों के तहत अब एम्प्लायर (कंपनी) को खुद सीधे कर्मचारियों के खाते में यह पैसा ट्रांसफर करना है, लेकिन प्रबंधन अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़े बैठा है। जीवनभर की गाढ़ी कमाई न मिलने के कारण बुजुर्ग कर्मचारियों को इस उम्र में अपने परिवार के भरण-पोषण और चिकित्सा खर्चों के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं।
श्रम मंत्री अनिल विज ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
प्रतिनिधिमंडल की पूरी बात को ध्यानपूर्वक सुनने और तस्वीरों व दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद, माननीय श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी मजदूर के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही श्रम विभाग के बड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरे मामले की फाइलों को खंगाला जाए और दोषी प्रबंधन के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए जल्द से जल्द कर्मचारियों के भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से एनएसी-95 (NAC-95, हरियाणा) के प्रदेश अध्यक्ष प्रधान बालेश्वर सिंह, प्रांतीय महासचिव जयप्रकाश मिश्रा समेत बल्लारपुर इंडस्ट्रीज लिमिटेड, यमुनानगर के कई सेवानिवृत्त कर्मचारी और वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)