Edited By Isha, Updated: 20 May, 2026 02:16 PM

हरियाणा में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 30 मई को हेरिटेज एंड सिटी वॉक का आयोजन होगा। दूसरी बार यह आयोजन हो रहा है। क्यूआर कोड या पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कराने वालों को 6 स्थलों के भ्रमण का मौका मिलेगा
चंडीगढ़: हरियाणा में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 30 मई को हेरिटेज एंड सिटी वॉक का आयोजन होगा। दूसरी बार यह आयोजन हो रहा है। क्यूआर कोड या पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कराने वालों को 6 स्थलों के भ्रमण का मौका मिलेगा।
इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को महाभारत काल, भारतीय संस्कृति और इतिहास को आधुनिक माध्यमों से समझना है। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित यादवेंद्र गार्डन, गुरुद्वारा मंजी साहिब, भीमा देवी मंदिर स्थल संग्रहालय, धारामंडल पिंजौर और प्राकृतिक बावड़ी का भ्रमण कराया जाएगा। मोरनी क्षेत्र में ऐतिहासिक मोरनी किले का भ्रमण कराया जाएगा।
कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ स्थल, सरोवर, विराट स्वरूप और महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय का भ्रमण का मौका मिलेगा। फरीदाबाद में सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक भ्रमण कराया जाएगा। रेवाड़ी में सैंडपाइपर पर्यटक परिसर से बड़ा तालाब तक और बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक भ्रमण कराया जाएगा।
पहले 27 सितंबर 2024 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजन किया गया था। यह भ्रमण सुबह 6 बजे से सुबह 8 बजे से दो घंटे होगा। हेरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क तय किया गया है। इसमें पानी, चाय, कॉफी, टोपी, अल्पाहार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतिभागियों को संबंधित स्थलों के इतिहास और महत्व के बारे में जानकारी देने के लिए गाइड की भी व्यवस्था रहेगी।
इस दौरान पर्यटन मंत्री ने हेरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए विशेष ब्रोशर का भी विमोचन किया। पत्रकारवार्ता में मंत्री ने बताया कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों के विकास, संरक्षण और सौंदर्याकरण के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। पिजौर, कालका, तीतरताल जैसे पर्यटन स्थल भी विकसित किए जा रहे हैं।