Edited By Mohammad Kumail, Updated: 12 Aug, 2023 05:15 PM
आशा वर्कर्स यूनियन, हरियाणा की ओर से आशा वर्कर्स की समस्याओं को लेकर राज्य महासचिव सुनीता की अध्यक्षता में सिरसा लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल के आवास का घेराव किया गया...
सिरसा (सतनाम सिंह) : आशा वर्कर्स यूनियन, हरियाणा की ओर से आशा वर्कर्स की समस्याओं को लेकर राज्य महासचिव सुनीता की अध्यक्षता में सिरसा लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल के आवास का घेराव किया गया। सैंकड़ों की संख्या में हुडा स्थित सांसद आवास पर पहुंची आशा वर्करों ने हरियाणा सरकार व सांसद सुनीता दुग्गल के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटा तक सांसद के आवास के बाहर धरना दिया। सांसद दुग्गल ने आशा वर्करों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सांसद धरना दे रही आशा वर्करों के बीच पहुंची और ज्ञापन लिया।
जिलाध्यक्ष दर्शना ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आन्दोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से समाधान नहीं किया जा रहा है। इसलिए राज्य की 20 हजार आशा वर्कर्स 8 अगस्त से हड़ताल पर हैं। यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो हड़ताल व आन्दोलन जारी रह सकता है। आशा वर्कर्स की मांग है कि मानदेय में बढ़ोतरी की जाए और 26000 रूपए न्यूनतम वेतन दिया जाए। आशा वर्कर्स को पक्का कर्मचारी बनाया जाए। आशा वर्कर्स के मानदेय और प्रोत्साहन राशियों को मंहगाई भत्ते के साथ जोड़ा जाए। आशा वर्कर्स को ईएसअई/पीएफ और रिटायमेंट लाभ समेत सभी सामाजिक सुरक्षा लाभ दिए जाएं। अनुभव और योग्यता के आधार पर आशा वर्कर्स की पदौन्नति की जाए। 8 एक्टिविटी के काटे गए 50 प्रतिशत को तुरंत वापस दिया जाए। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 7000 रू भी तुरंत जारी किए जाएं। रिटायरमेंट की उम्र 65 वर्ष की जाए।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)