दिशा स्वयंसेवी संस्था परिसर में हुआ प्रेरणादायक मोटिवेशनल सेशन, डॉ. रविंद्र पुरी ने दिए सफलता के 'SMART' सूत्र

Edited By Isha, Updated: 03 Jul, 2026 05:00 PM

an inspiring motivational session was held at the disha voluntary organization s

सिरसा की सुप्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था दिशा परिसर में मनोविज्ञान विषय के इंटर्नशिप कर रहे बी.ए. एवं एम.एससी. के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक मोटिवेशनल सेशन आयोजित किया गया।

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी ):सिरसा की सुप्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था दिशा परिसर में मनोविज्ञान विषय के इंटर्नशिप कर रहे बी.ए. एवं एम.एससी. के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक मोटिवेशनल सेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोविज्ञान के व्यावहारिक पक्ष, करियर की संभावनाओं तथा समाज सेवा के प्रति प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि मनोविज्ञान समाज सेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है। आज जिस तेजी से समाज में अकेलापन, तनाव, अवसाद और मानसिक बीमारियां बढ़ रही हैं, ऐसे समय में मनोविज्ञान के क्षेत्र से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक और सच्चे मन से सुनना तथा उसे सही दिशा देना भी मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य है।

डॉ. पुरी ने विद्यार्थियों से कहा कि जो युवा मनोविज्ञान के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उन्हें दुनिया भर में हो रहे नवीन शोध, सिद्धांतों और नई-नई थ्योरीज़ से लगातार स्वयं को अपडेट रखना चाहिए। उन्होंने प्रेरणादायक प्रसंगों और मोटिवेशनल कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति के सूत्र समझाए तथा SMART Goal की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट, मापनीय, प्राप्त करने योग्य, प्रासंगिक और समयबद्ध होने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप ही करियर चुनने की सलाह दी।

कार्यक्रम में प्रोफेसर दलजीत सिंह कालड़ा ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के उद्देश्य, उसकी उपयोगिता तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के लिए कक्षा में अर्जित ज्ञान को व्यवहार में लागू करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

पल-पल समाचार पत्र के प्रधान संपादक एवं दिशा के संस्थापक सचिव सुरेंद्र भाटिया ने पत्रकारिता और समाज सेवा के संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संवेदनशील पत्रकारिता समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति जिम्मेदारी और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

दिशा की मनोविज्ञान शिक्षिका एवं काउंसलर कंचन मेहता ने विद्यार्थियों को मनोविज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं को सरल और व्यावहारिक ढंग से समझाने के लिए डॉ. रविंद्र पुरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अपने विषय को गहराई से समझने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर दिशा की प्राचार्य नीरज, नीलम भाटिया, संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मनोविज्ञान के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!