Edited By Saurabh Pal, Updated: 25 Jun, 2024 09:12 PM
शहर में बीते रोज एक लव मैरिज करने वाले नवविवाहित जोड़े की पार्क में गोलीमार कर हत्या कर दी गई थी। मामले का खुलासा करते हांसी एसपी मकसूद अहमद ने इसे ऑनर किलिंग करार दिया है...
हांसी(संदीप सैनी): शहर में बीते रोज एक लव मैरिज करने वाले नवविवाहित जोड़े की पार्क में गोलीमार कर हत्या कर दी गई थी। मामले का खुलासा करते हांसी एसपी मकसूद अहमद ने इसे ऑनर किलिंग करार दिया है। एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि तक तेजवीर सिंह (27) बडाला गांव का रहने वाला था और युवती मीना (25) गांव सुलतानपुर की रहने वाली थी। सोमवार सुबह उमरा रोड स्थित लाला हुकमचंद जैन पार्क में दो युवकों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी ने बताया मृतक मीना और तेजवीर ने प्रेम विवाह किया था। इस प्रेम विवाह से लड़की मीना का परिवार नाराज था। लड़की के भाई सचिन ने अपनी बहन मीना को इंस्टाग्राम पर बातचीत कर कहा था कि आप इस रिश्ते को छोड़ दो और वापिस घर आ जाओ। लेकिन मीना नहीं मानी। इसके बाद लड़की के भाई ने अपनी बहन को पार्क में मिलने बुलाया था। पार्क में मीना के साथ तेजवीर भी आया था। वहीं सचिन के साथ उसके मामा का लड़का राहुल भी पार्क में आया था। दोनों ने प्लान के तहत मीना और तेजवीर की गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद पार्क से फरार हो गए।
वहीं तेजवीर के पिता महताब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती करता है। तेजवीर सिंह सबसे छोटा बेटा था। तेजवीर ने सिसाय बोलान निवासी अपने मामा महेंद्र के साले सुलतानपुर निवासी सुभाष की लड़की मीना से 22 अप्रैल 2024 को यूपी के गाजियाबाद में आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। तेजबीर के मामा महेंद्र, उसके परिजन व मीना के परिवार वाले खुश नहीं थे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)