गैंगवार या रंजिश? घर के बाहर टहल रहे 29 वर्षीय युवक की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट

Edited By Isha, Updated: 09 Jul, 2026 09:32 AM

29 year old man shot dead

हरियाणा के बहादुरगढ़ में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ के नया गांव बीर बरकताबाद इलाके में देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 29 वर्षीय युवक नीरज उर्फ बांडिया की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल...

बहादुरगढ़(प्रवीण):बहादुरगढ़ के नया गांव बीर बरकताबाद में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडीया की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात इतनी खौफनाक थी कि गोलियां लगने के बावजूद नीरज अपनी जान बचाने के लिए करीब 50 मीटर तक दौड़ता रहा, लेकिन आखिरकार सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीरज रात को खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और बिना कोई मौका दिए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने की कोशिश में नीरज भागा, लेकिन कई गोलियां लगने के कारण कुछ ही दूरी पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

 

परिजन और आसपास के लोग गंभीर रूप से घायल नीरज को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा और डीसीपी क्राइम शुभम सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक नीरज उर्फ बांडीया पर पहले से हत्या और शराब तस्करी सहित दो आपराधिक मामले दर्ज थे। वह दिल्ली के एक चर्चित हत्या के मामले में करीब पांच महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश, गैंगवार और आपराधिक विवाद सहित सभी संभावित एंगल पर गहनता से जांच कर रही है। दिनदहाड़े नहीं बल्कि रात के सन्नाटे में हुई इस खूनी वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!