Edited By Gourav Chouhan, Updated: 15 Nov, 2022 10:43 AM

झगड़े की रंजिश रखते हुए सावन ने अमन, बलराम मिस्त्री, रमणीक व अन्य कई युवकों के साथ घर के बाहर ही प्रिंस पर चाकूओं से जानलेवला हमला कर दिया।
रोहतक: एक सप्ताह पहले हुई प्रिंस की हत्या मामले में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। सीआईए-1 की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संजय नगर के रहने वाले सावन व गोहाना अड्डा निवासी रमनिक के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने रंजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार बीती 8 नवंबर को हुए एक झगड़े में संजय नगर के रहने वाले प्रिंस पर जानलेवा हमला हुआ था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया था। मृतक के पिता विक्रम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने करीब एक सप्ताह के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुराने झगड़े की रंजिश के चलते प्रिंस पर किया था हमला
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया था कि उसके बेटे प्रिंस का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। उन्होंने प्रिंस के साथ मारपीट भी की थी। हालांकि इस मामले में समझौता भी हो गया था। इस झगड़े की रंजिश रखते हुए सावन ने अमन, बलराम मिस्त्री, रमणीक व अन्य कई युवकों के साथ घर के बाहर ही प्रिंस पर चाकूओं से जानलेवला हमला कर दिया। इस झगड़े में प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे को खून से लथपथ देखकर परिजन घबरा गए और आनन फानन में उसे रोहतक पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)