Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 30 May, 2025 02:05 PM

बसई में एक फैक्ट्री में गैस रिसाव होने के कारण करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों सहित पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): बसई में एक फैक्ट्री में गैस रिसाव होने के कारण करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों सहित पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच के उपरांत केस दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
पुलिस के मुताबिक, गांव बसई के रहने वाले महेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गांव में सूरी ऑटोमोबाइल के नाम से कंपनी है। इस कंपनी में कैमिकल का उपयोग होता है। अक्सर इस कंपनी से कैमिकल और गैस का रिसाव होता रहता है। 23 मई की रात को भी इसमें गैस का रिसाव हुआ जिसके कारण गीता देवी, खुशी, अनु, सरिता, देवांश, सृष्टि, दृष्टि, पूजा सहित अन्य लोग चपेट में आ गए जिन्हें उल्टी होना और चक्कर आने जैसी शिकायत होने लगी। उन्हें इस हालत में देखकर लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी।
उन्होंने पुलिस को बताया कि इस फैक्ट्री में हो रहे कैमिकल और गैस के कार्यों को लेकर पहले भी वह कई विभागों में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। आज जब गैस रिसाव के कारण लोग बीमार हुए हैं तो प्रशासन हरकत में आया है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर अस्पताल में भर्ती लोगों के मेडिकल दस्तावेज प्राप्त किए जिसके बाद अब भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 280 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।