Edited By Deepak Kumar, Updated: 15 Jun, 2025 08:57 PM

कोसली निवासी और आजाद हिंद फौज (INA) के 105 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी मंगल सिंह का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
डेस्कः कोसली निवासी और आजाद हिंद फौज (INA) के 105 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी मंगल सिंह का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। रविवार को गांव की श्मशान भूमि में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पोते कर्मवीर ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इससे पहले कोसली पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रशासन की ओर से एसडीएम विजय कुमार, नायब तहसीलदार हरिकिशन, बीडीपीओ अनिल कुमार और एसएचओ कश्मीर सिंह उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता सेनानी मंगल सिंह का आज़ादी के संघर्ष में अहम योगदान रहा। वे बताया करते थे कि अगस्त 1940 में ब्रिटिश सेना में भर्ती होकर उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस तक पहुंचने का रास्ता बनाया। बाद में वे आजाद हिंद फौज से जुड़े और करीब 6 से 8 महीने तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ कार्यरत रहे। उनका जीवन देशभक्ति और सेवा का प्रतीक रहा है। उनके निधन पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)