Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 11 Feb, 2026 08:04 PM

गत 8 फरवरी को खंडहर बिल्डिग के फर्स्ट फ्लोर पर मिली थी डेडबॉडी, घसीटने व उलटा पड़ा मिला था शव, -परिजनों को हत्या की आशंका
गुड़गांव, ब्यूरो: मानेसर थाना क्षेत्र में गत आठ फरवरी को दसवीं कक्षा के स्टूडेंट आकाश तिवारी की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। आकाश तिवारी का शव एक खंडहर बिल्डिंग की पहली मंजिल पर उलटा पड़ा मिला था। परिजनों ने छात्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
दरअसल, मानेसर इलाके में 17 वर्षीय दसवीं छात्र आकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आकाश तिवारी का शव एक खंडहरनुमा निर्माणाधीन इमारत की पहली मंजिल के छज्जे पर मिला था। बुधवार को परिजनों ने पुलिस के सामने आकाश की हत्या का शक जताया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। आकाश का परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के इशापुर गांव का है। उनके पिता रंजीत तिवारी एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार पिछले कुछ समय से मानेसर की श्री श्याम कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था। आकाश पढ़ाई में होशियार था और जेडी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। परिजनों ने बताया कि गत 8 फरवरी को सुबह छह बजे आकाश मॉर्निंग वॉक करने के लिए घर से निकला था। दो घंटे तक वापस नहीं आया, तो उसके पिता रंजीत ने तलाश शुरू की। करीब पौने नौ बजे मानेसर थाने में कॉल किया और गुमशुदगी की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस भी तुरंत हरकत में आई। पूरी कॉलोनी के लोग आकाश को ढूंढते रहे और दोपहर बाद जब पुलिस की टीम मानेसर गांव के पास एक खंडहर बिल्डिंग में गई, तो वहां आकाश मृत हालत में फर्स्ट फ्लोर पर पड़ा पाया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप:
परिजनों का आरोप है कि आकाश तिवारी घर से सुबह टहलने के लिए निकला था और उसकी किसी से रंजिश भी नहीं थी। लेकिन जिस हालत में शव मिला, उससे उन्हें हत्या किए जाने का शक है।
थाना प्रभारी का कहना:
वहीं थाना प्रभारी मानेसर सुनील कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या सुसाइड का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे आकाश के साथ या बिल्डिंग के आसपास किसी अन्य के आने का सुराग मिल सके।