Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 28 Mar, 2026 08:32 PM

डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोडक़र नकदी, गहने व सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान मकान मालकिन अपने बच्चों से मिलने कनाडा गई थी।
गुड़गांव, (ब्यूरो): डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोडक़र नकदी, गहने व सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान मकान मालकिन अपने बच्चों से मिलने कनाडा गई थी। 27 मार्च को जब वापस आई तो घर में चोरी होने का पता चला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और कार्रवाई शुरु कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में डीएलएफ फेज-1 निवासी पुष्पा कालरा ने बताया कि उनके दो बच्चे कनाडा व ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। वह अक्तूबर 2025 में अपना मकान बंद करके कनाडा गई थीं। 27 मार्च की सुबह 9 बजे जब वह अपने घर वापस आई तो कमरे के दरवाजे टूटे मिले व अलमारियों के लॉकर भी खुले हुए थे। कमरों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जब अलमारी में सामान की जांच की तो एक जोड़ी ईयररिंग, चांदी के कई सिक्के, नकदी गायब थे। वहीं, दोनों बाथरूम की टोटियां, शॉवर, रसोई की टोटियां भी चोरी मिली।
जांच अधिकारी एसआई दलबीर सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिंगरप्रिंट व एफएसएल की टीमों से निरीक्षण कराकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं।