Edited By Isha, Updated: 22 Jul, 2026 06:00 PM

कांग्रेस के विरोध में बुधवार को रोहतक में हरियाणा भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री मनीष
रोहतक(दीपक): कांग्रेस के विरोध में बुधवार को रोहतक में हरियाणा भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आड़ में कुछ नकाबपोश लोगों के जरिए तोड़फोड़ और हिंसा की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि अब घटनाओं के वीडियो सामने आ रहे हैं और देश की जनता कांग्रेस का असली चरित्र देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिन पर बधाई देने के नाम पर नेताओं का जुटना केवल एक साजिश का हिस्सा था।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है और भारत की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की चर्चा हो रही है और भारत वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में खड़ा है।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी "बुझे हुए दीये" की तरह हैं और देश की जनता उन्हें तथा कांग्रेस पार्टी को लगातार नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज देश के केवल कुछ राज्यों तक सीमित रह गई है और यदि पार्टी इसी प्रकार की राजनीति करती रही तो आने वाले समय में उन राज्यों में भी उसका जनाधार समाप्त हो जाएगा।
धनखड़ ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कांग्रेस की कार्यशैली की आलोचना की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।