Edited By Krishan Rana, Updated: 02 May, 2026 08:00 PM

कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को गति देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं
पंचकूला : कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को गति देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित कीं और घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-11 मार्केट, एमडीसी मार्केट, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-12 सहित अन्य क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए सुधा भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में भ्रष्टाचार और तानाशाही के कारण आम जनता परेशान है और लगातार दबाव महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाउस टैक्स और गार्बेज टैक्स के नाम पर लोगों से अनावश्यक और अत्यधिक वसूली की जा रही है। एक ओर जहां महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी ओर बढ़ते टैक्सों ने जीवन यापन को और भी कठिन बना दिया है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते शहर का समुचित विकास प्रभावित हो रहा है। जनता से वसूला गया धन जनता की सुविधाओं और बुनियादी विकास कार्यों पर खर्च होने के बजाय गलत हाथों में जा रहा है, जिसके कारण लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं और शहर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सुधा भारद्वाज ने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस विकास की सोच और जनसेवा की भावना के साथ राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पंचकूला में वास्तविक बदलाव और समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इस मौके पर जगजीत सोही, मुकेश सिरस्वाल, चारू शर्मा, इंदु शर्मा एवं कई कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)