Edited By Krishan Rana, Updated: 05 Mar, 2026 09:27 PM

प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या के मामले में रोहतक पुलिस और बदमाश के बीच एक और मुठभेड़
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या के मामले में रोहतक पुलिस और बदमाश के बीच एक और मुठभेड़ हुई। इस दौरान लाठ गांव का रहने वाला बदमाश दीपक पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल दीपक को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ जिले के गांधरा से अटायल रोड पर हुई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध बदमाश को घेर लिया और उसे सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन बदमाश ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से करीब 18 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान बदमाश की गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी, जबकि एएसआई हितेंद्र की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी एक गोली आकर लगी। हालांकि बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण एएसआई हितेंद्र बाल-बाल बच गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश दीपक के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाश के पास से एक अवैध हथियार भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
यह था मामला
गौरतलब है कि प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या 20 फरवरी को खरावड़ पुल के पास की गई थी। बदमाशों ने सत्यवान की गाड़ी पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी और बाद में उसकी बॉडी को भी अपने साथ ले गए थे। इस मामले में पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। 3 मार्च को हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो अन्य बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)