जींद में प्रधानमंत्री मोदी की रैली की कमान संभाले दिखे राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, मैदान से लेकर व्यवस्थाओं तक खुद कर रहे निगरानी

Edited By Isha, Updated: 10 Jul, 2026 03:06 PM

sanjay bhatia was seen spearheading prime minister modi s rally in jind

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इन तैयारियों के केंद्र में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया हैं, जो रैली

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी ): प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इन तैयारियों के केंद्र में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया हैं, जो रैली संयोजक के रूप में पूरे आयोजन की कमान संभाले हुए हैं। संगठनात्मक बैठकों से लेकर रैली स्थल पर टेंट, मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लेने तक, संजय भाटिया लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।

 

रैली स्थल पर चल रही तैयारियों के दौरान संजय भाटिया स्वयं कार्यकर्ताओं और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते दिखाई दिए। उन्होंने टेंट लगाने, पंडाल निर्माण, मंच की रूपरेखा, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनकी कार्यशैली यह संदेश दे रही है कि भाजपा इस जनसभा को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठनात्मक क्षमता के प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई तैयारियों की बैठकों में भी भाटिया ने सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा नेतृत्व ने संजय भाटिया को रैली संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार रैली में लाखों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और संजय भाटिया स्वयं इन तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।

 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की क्षमता के कारण संजय भाटिया को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। करनाल से पूर्व सांसद और अब राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उनकी यह पहली बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी मानी जा रही है, जिसमें वे प्रदेश स्तर पर अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ते दिखाई दे रहे हैं।

 

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ हरियाणा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसे राज्य की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं विकासात्मक घटनाओं में से एक माना जा रहा है। इसी कारण भाजपा संगठन इस रैली को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक रहा है।

 

रैली की तैयारियों के बीच संजय भाटिया लगातार कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं और विभिन्न समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं। मैदान में उनकी सक्रिय मौजूदगी यह संकेत दे रही है कि भाजपा इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि संजय भाटिया की नेतृत्व क्षमता और सूक्ष्म स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी से तैयारियां तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रही हैं।

 

17 जुलाई की यह जनसभा न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे का प्रमुख आकर्षण होगी, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से भी राज्यसभा सांसद संजय भाटिया के नेतृत्व और प्रबंधन क्षमता की एक महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!