Edited By Harman, Updated: 18 Aug, 2026 03:06 PM

हरियाणा के करनाल में करीब दो सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल और धरना-प्रदर्शन कर रहे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को विरोध जताते हुए निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया।
करनाल : हरियाणा के करनाल में करीब दो सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल और धरना-प्रदर्शन कर रहे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को विरोध जताते हुए निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक कार्यालय बंद रखकर सरकार के खिलाफ रोष जताया।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका संघ के जिला प्रधान राजकुमार ने कहा कि कर्मचारी सरकार के रवैये से नाराज हैं। उन्होंने बताया कि 13 मई को सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को मानने का आश्वासन दिया था लेकिन दोबारा प्रतिनिधिमंडल को बुलाए जाने पर मंत्री विपुल गोयल ने कथित तौर पर कहा कि वे मांगों को भूल गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों में कूड़े के ढेर लगे हैं और ऐसी स्थिति में सरकार का रवैया कर्मचारियों के लिए निराशाजनक है। राजकुमार ने कहा कि करनाल को स्मार्ट सिटी की दौड़ में आगे लाने के लिए सफाई कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत की थी लेकिन अब सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना है। यदि सरकार उन्हें नियमित नहीं कर सकती तो सभी सफाई कर्मचारियों के लिए 30 हजार रुपये न्यूनतम वेतन घोषित किया जाए। उन्होंने बताया कि आज राज्य कमेटी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में नगर निगम और नगर पालिका कार्यालयों पर दो घंटे के लिए ताला लगाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर मांगों पर बातचीत नहीं करती और समाधान नहीं निकालती तो हड़ताल अनिश्चितकालीन की जा सकती है। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। कर्मचारियों ने कहा कि वे जनता की सेवा करना चाहते हैं और नहीं चाहते कि शहरों में गंदगी बढ़े या बीमारियां फैलें।