हिसार में रोडवेज कर्मचारियों का चक्का जाम टला, आज सामान्य रूप से चलेंगी बसें

Edited By Harman, Updated: 06 Jun, 2026 01:13 PM

roadways employees chakka jam averted in hisar buses to operate normally today

हिसार में लंबित मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच शुक्रवार को तनाव बढ़ गया। रोडवेज सांझा मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने शाम को जीएम कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। विरोध के चलते रोडवेज बसों के पहिए थम गए और...

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार में लंबित मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच शुक्रवार को तनाव बढ़ गया। रोडवेज सांझा मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने शाम को जीएम कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। विरोध के चलते रोडवेज बसों के पहिए थम गए और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

स्थिति को संभालने के लिए चंडीगढ़ से ज्वॉइंट डायरेक्टर राजेश पूनिया देर रात हिसार पहुंचे और यूनियन नेताओं के साथ कई दौर की बातचीत की। शुरुआती वार्ता में सहमति नहीं बन सकी, लेकिन रात करीब पौने एक बजे हुई दूसरी बैठक में ज्वॉइंट डायरेक्टर ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही मंगलवार तक एसीआर संबंधी समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद रोडवेज सांझा मोर्चा ने शनिवार से प्रस्तावित बेमियादी चक्का जाम वापस लेने का निर्णय लिया। इसके चलते शनिवार को रोडवेज बस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी। हालांकि कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा।

इससे पहले कर्मचारियों ने रात 3:40 बजे से बेमियादी चक्का जाम शुरू करने की घोषणा कर दी थी। जिला प्रशासन की ओर से पहुंची एसडीएम ने यूनियन नेताओं से बातचीत कर समाधान के लिए एक माह का समय मांगा, लेकिन कर्मचारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया। आंदोलन के दौरान चालक और परिचालकों ने काम छोड़ दिया था, जिससे कई बसें डिपो से बाहर नहीं निकल सकीं और ग्रामीण रूटों पर भी सेवाएं प्रभावित रहीं। यूनियन नेताओं का कहना है कि यदि तय समय सीमा में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!