हिसार में सनसनीखेज हत्याकांड, युवक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट; 4 युवकों पर हत्या का आरोप

Edited By Harman, Updated: 30 Oct, 2026 01:45 PM

hisar murder crime hau campus man murdered with a brick

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) की लेबर कॉलोनी में वीरवार देर रात 20 वर्षीय युवक की सिर पर ईंट या रॉड से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सन्नी के रूप में हुई है।

हिसार (विनोद सैनी) : हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) की लेबर कॉलोनी में वीरवार देर रात 20 वर्षीय युवक की सिर पर ईंट या रॉड से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सन्नी के रूप में हुई है। परिजनों ने 4 युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
 
जानकारी के अनुसार, सन्नी HAU की लेबर कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था और रंग-पेंट का काम करता था। उसके पिता और बड़ा भाई भी मजदूरी करते हैं। बताया जा रहा है कि करीब 3-4 दिन पहले कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है।

परिजनों के मुताबिक, देर रात सन्नी को घर से बुलाकर ले जाया गया था। रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसके सिर पर ईंट या रॉड से कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण सन्नी लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर HAU चौकी इंचार्ज पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सन्नी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया। मौके पर FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए।
 
मृतक की बहन प्रियंका ने बताया कि उसके भाई की देर रात हत्या कर दी गई। उसने 4 युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को लेबर कॉलोनी में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक के पिता के बयान दर्ज कर हत्या की धारा 302 के तहत FIR नंबर 383 दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। हत्या ईंट से की गई या रॉड से, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!