Edited By Krishan Rana, Updated: 10 Aug, 2026 02:57 PM

हरियाणा के रेवाड़ी में काम पर 10 मिनट देरी से पहुंचने को लेकर हुए विवाद में एक इंजीनियर पर जानलेवा हमला
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी में काम पर 10 मिनट देरी से पहुंचने को लेकर हुए विवाद में एक इंजीनियर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन युवकों ने कंपनी गेट के सामने बीच सड़क पर इंजीनियर की हॉकी और डंडों से पिटाई की और उसकी कार में भी तोड़फोड़ की। जान बचाने के लिए इंजीनियर ने कार दौड़ा दी, लेकिन आरोपियों ने बाइक से काफी दूर तक उसका पीछा किया।
इस पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसे आरोपियों के एक साथी ने इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। महेंद्रगढ़ के गांव गढ़ी निवासी सूरज बावल की एक कंपनी में ट्रेनिंग कर रहा है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जुलाई को पेट में तकलीफ होने के कारण वह शिफ्ट लाइन पर करीब 10 मिनट देरी से पहुंचा था। उसने इसकी जानकारी अपने सुपरवाइजर को दे दी थी।
आरोप है कि दूसरी शिफ्ट के सुपरवाइजर महेंद्रगढ़ के भूरजट निवासी सोनू ने उसे देरी से आने पर गालियां दीं और धमकी दी। सूरज ने इसका विरोध किया तो सोनू ने उसे देख लेने की धमकी दी। सूरज के अनुसार, 31 जुलाई की रात करीब 10:50 बजे वह कार से कंपनी से बाहर निकला। कंपनी गेट के पास सोनू अपने दो साथियों के साथ पहले से खड़ा था। तीनों ने हॉकी और डंडों से उस पर हमला कर दिया। हमले में सूरज को कई जगह चोटें आईं। आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ की।
वारदात के दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बनाया। वीडियो में तीन युवक कार पर हॉकी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास लोग भी मौजूद हैं। वीडियो में एक युवक कार चालक को धमकाते हुए कहता है कि आगे से मारो और कार तोड़ दो। इसके बाद सूरज जान बचाने के लिए कार लेकर वहां से निकल जाता है। बाइक सवार तीनों युवक उसका पीछा करते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में युवक कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह भाग गया और अभी और मारेंगे। घायल सूरज का अस्पताल में इलाज कराया गया।
सूचना मिलने पर बिजली निगम में कार्यरत उसके पिता उमेश भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि पहले रेवाड़ी को शांत और सुरक्षित माना जाता था, लेकिन अब माहौल बदलता जा रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कसोला थाना एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सोनू की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की किसी को इजाजत नहीं दी जा सकती।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)