Edited By Isha, Updated: 03 Apr, 2026 03:52 PM

पंजोखरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छज्जूमाजरा में बन रहे एरो इंडस्ट्रियल पार्क प्रोजेक्ट में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस को वहां अफीम के पौधे उगाए जाने की गुप्त सूचना मिली। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम
अंबाला: पंजोखरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छज्जूमाजरा में बन रहे एरो इंडस्ट्रियल पार्क प्रोजेक्ट में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस को वहां अफीम के पौधे उगाए जाने की गुप्त सूचना मिली। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पौध लगाने वाले माली से पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने ले आई। गहन जांच के बाद शिकायत पूरी तरह झूठी पाई गई। बाद में माली को छोड़ दिया गया। मामले में पता चला कि किसी शरारती व्यक्ति ने झूठी शिकायत देकर गुमराह किया और पुलिस के माध्यम से दबाव बनाने का प्रयास करना चाहता था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। विशेषज्ञों ने जब पौधों की जांच की, तो स्पष्ट हुआ कि वे अफीम के पौधे नहीं थे। वन विभाग द्वारा लिखित रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद पुलिस ने माली को छोड़ दिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए मौके पर कर्मचारियों को भी तैनात रखा था।
एरो इंडस्ट्रियल पार्क के एमडी ऋषि आनंद ने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कुछ शरारती तत्व प्रोजेक्ट के काम में बाधा डालने और उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले भी प्रोजेक्ट को लेकर गुमराह करने की कोशिश की गई थी और अब यह झूठी शिकायत उसी का हिस्सा है। प्रशासन को कई शिकायतें झूठी की गई जिसकी जांच के बाद क्लीन चिट मिली। वे बोले इस मामले में लिखित शिकायत करेंगे ताकि झूठी सूचना देकर पुलिस और सभी का समय खराब करने वालों पर कार्रवाई हों।
पंजोखरा थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वन विभाग ने लिखित में स्पष्ट कर दिया है कि अफीम का पौधा नहीं है। पूछताछ के बाद माली को छोड़ दिया गया, वह थाने से सही-सलामत वापस गया।