Edited By Krishan Rana, Updated: 28 Apr, 2026 02:58 PM

भारतीय कुश्ती में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। संजय सिंह ने स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है
हरियाणा डेस्क : भारतीय कुश्ती में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। संजय सिंह ने स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उनका रजिस्ट्रेशन पहले ही पूरा किया जा चुका है और उन्हें बेवजह विवाद खड़ा नहीं करना चाहिए।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह ने बातचीत में कहा कि विनेश फोगट का रजिस्ट्रेशन पहले ही पूरा हो चुका है। वह बेवजह हंगामा क्यों कर रही हैं? हमने किसी भी पहलवान को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से नहीं रोका है; सभी का स्वागत है।
WFI के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि मीडिया से बात करने के बजाय उन्हें कुश्ती पर ध्यान देना चाहिए। अब तक 800 पहलवानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है और किसी ने भी कोई दिक्कत नहीं बताई है। WFI अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संघ सभी खिलाड़ियों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि पहलवानों को विवादों से दूर रहकर अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए।
क्या था मामला
बता दें कि सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट 10 से 12 मई तक उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदिनीनगर महाविद्यालय में होना है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 30 अप्रैल है। विनेश ने आरोप लगाया था कि वह इस प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रही हैं, क्योंकि भारतीय कुश्ती महासंघ पोर्टल पर दिखा रहा है कि रजिस्ट्रेशन बंद हो चुके हैं और महासंघ प्रशासन उनके फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा है। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने विनेश के दावों को गलत बताते हुए उनकी रजिस्ट्रेशन की एक कॉपी विशेष रूप से आईएएनएस के साथ साझा की।
पेरिस ओलंपिक से जुड़ा है विवाद
बता दें कि पेरिस ओलंपिक-2024 में 50 किग्रा कुश्ती वर्ग के गोल्ड पदक मैच से पहले विनोश फोगाट को अयोग्य घोषित किया गया था, क्योंकि फाइनल मैच से पहले उनका वजह सीमा से 100 ग्राम ज्यादा पाया गया था। एक दिन पहले वो वजन सीमा के भीतर थी, लेकिन दूसरे दिन 100 ग्राम वजन में बढ़ोत्तरी के चलते उन्हें अयोग्य घोषित किया गया।
इस घटना के विनेश ने कुश्ती से संन्यास लेने का बड़ा फैसला कर लिया था। लेकिन पिछले दिसंबर में रिटायरमेंट से U turn लिया और कुश्ती में वापसी का एलान किया। विनेश ने बताया कि वह अगले महीने होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की प्लानिंग कर रही थीं, लेकिन रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकीं। जब उन्होंने WFI अधिकारियों से संपर्क किया तो कोई जबाव नहीं मिला। बाद में उन्होंने संघ पर वापसी जानबूझकर रोकने का आरोप लगाया है। जिस पर WFI के अध्यक्ष संजय सिंह ने सारी बात को साफ कर दिया और आरोपों को खारिज कर दिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)